रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब महिला थाना के पास एक युवक की खून से लथपथ लाश बरामद हुई। राहगीरों ने शव को सड़क किनारे पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक की पहचान नेहरू नगर निवासी प्रकाश के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हत्या के कारणों के साथ-साथ आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।



