रायपुर। राजधानी रायपुर में दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां मामूली विवाद को लेकर एक युवक ने अपने दोस्त को शराब पार्टी के बहाने बुलाया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे युवक की करीब 7 दिन तक इलाज के बाद मौत हो गई।
मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई की शाम हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास सुयश अस्पताल के पीछे खाली मैदान में यह वारदात हुई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय मोहम्मद शाकिब के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि शाकिब और आरोपी सोनू पहले स्कूल के दोस्त थे। दोनों के बीच काफी समय पहले गाड़ी को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर सोनू के मन में नाराजगी थी और दोनों की बातचीत भी बंद थी।
आरोप है कि वारदात वाले दिन सोनू ने शराब पार्टी के बहाने शाकिब को अपने साथ बुलाया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान सोनू ने स्कूटी पर बैठे शाकिब पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आग की लपटों में घिरे शाकिब ने चीख-पुकार मचाई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब 7 दिनों तक इलाज चलने के बाद शाकिब ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।



