राजनांदगांव। भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी अजय यादव ने सोमवार को राजनांदगांव पुलिस रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक (IG) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा की।
नए IG ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करना, लंबित मामलों का त्वरित निराकरण, बेहतर अनुसंधान और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होगी। उन्होंने अवैध शराब, सट्टा और जुआ जैसी गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार की मिलीभगत या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अजय यादव ने बताया कि वे जल्द ही रेंज के सभी जिलों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए।



