छत्तीसगढ़

CG Breaking: छत्तीसगढ़ के 5 नए मेडिकल कॉलेजों को NMC की मंजूरी, 250 MBBS सीटें बढ़ीं..

रायपुर। छत्तीसगढ़ को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेंद्रगढ़, जांजगीर और कबीरधाम में 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को मंजूरी दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इन कॉलेजों में 50-50 MBBS सीटों पर प्रवेश शुरू होगा। इससे प्रदेश में कुल 250 नई MBBS सीटें जुड़ेंगी।

जानकारी के अनुसार, पहले निरीक्षण में इन कॉलेजों को मंजूरी नहीं मिली थी। इसके बाद राज्य सरकार की अपील पर NMC ने दोबारा निरीक्षण किया। आवश्यक मानकों को पूरा पाए जाने पर चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड (MARB) ने सभी पांच कॉलेजों के लिए लेटर ऑफ परमिशन (LoP) जारी करने का निर्णय लिया।

NMC ने स्पष्ट किया है कि सभी संस्थानों को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम-2019 और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े सभी मानकों का पालन करना होगा। साथ ही पर्याप्त फैकल्टी, अस्पताल, बुनियादी ढांचा, अग्नि सुरक्षा, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, पर्यावरण और मरीजों की सुविधाएं सुनिश्चित करनी होंगी। किसी भी तरह की गलत जानकारी या नियमों के उल्लंघन पर अनुमति रद्द की जा सकती है।

Leave a Reply

Back to top button