छत्तीसगढ़

शराब पार्टी के बाद मचा खूनी तांडव, युवक की हत्या से सनसनी..

धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम डाही में शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। नशे की हालत में हुए झगड़े के बाद एक युवक की कथित तौर पर पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम डाही निवासी हुलास मंडावी सोमवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच गांव के शीतला मंदिर के पास स्थित टावर क्षेत्र में अपने कुछ साथियों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका एक साथी से विवाद हो गया। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद बढ़ने के बाद हुलास मंडावी के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपियों ने उसके सिर पर पत्थर से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही देर रात तक लगातार दबिश देकर घटना से जुड़े कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस हत्याकांड में करीब आठ युवकों की भूमिका सामने आई है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में दो युवकों को मुख्य आरोपी और अन्य को सह-आरोपी के रूप में देखा जा रहा है।

कुरूद पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से जारी है। सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद ग्राम डाही में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Leave a Reply

Back to top button