छत्तीसगढ़

जशपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: घर लौट रहे माता-पिता और बेटे की मौत, अज्ञात वाहन चालक फरार..

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। बाइक से घर लौट रहे माता-पिता और उनके बेटे को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं इलाके में शोक का माहौल है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार सरडीह से बाइक पर सवार होकर अपने गांव सामरबार लौट रहा था। इसी दौरान बगीचा थाना क्षेत्र के बगीचा-बतौली स्टेट हाईवे पर मैनी चौक के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद वाहन चालक फरार

घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस फरार वाहन चालक की पहचान करने और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

एक ही परिवार के तीन लोगों की असमय मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। घर लौट रहे परिवार के साथ रास्ते में हुआ यह हादसा पूरे इलाके को गमगीन कर गया।

Leave a Reply

Back to top button