रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डीजे पर डांस करने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह में चाकूबाजी की घटना में गौरव सेन नामक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में एक नाबालिग आरोपी को पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है।
डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात अमलीडीह स्थित स्वर्ण जयंती चौक के पास डीजे बज रहा था। इस दौरान गौरव सेन भी वहां मौजूद था। डीजे पर डांस करने को लेकर उसका एक नाबालिग से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक हो गया।
चाकू से हमला कर आरोपी फरार
आरोप है कि विवाद के दौरान नाबालिग ने गौरव सेन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गौरव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हत्या के मामले में एक नाबालिग आरोपी को पकड़ा गया है। घटना में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।



