छत्तीसगढ़

सूरजपुर में दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक से टकराई बाइक, 3 युवकों की मौत..

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर इलाके में सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक ने पहले एक कार को टक्कर मारी थी। हादसे के बाद चालक वाहन को सड़क पर ही खड़ा छोड़कर फरार हो गया। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार चार युवक वहां से गुजर रहे थे और सड़क पर खड़े ट्रक से जा भिड़े। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध जताते हुए ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा। सूचना मिलने पर प्रतापपुर थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

Leave a Reply

Back to top button