खैरागढ़। जिले के छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव ने कथित रूप से अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार तड़के उनका शव खैरागढ़ शहर के दाऊचौरा स्थित निवास के हॉल में गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, शीतल यादव अपने परिवार के साथ वार्ड क्रमांक 16 स्थित दाऊचौरा इलाके में रहते थे। शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए, जबकि शीतल यादव हॉल में थे।
शनिवार सुबह करीब 4 बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने शीतल यादव को फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की जांच के लिए दुर्ग से फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई है। फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।



