रायपुर। बालाघाट की ओर नक्सल हलचल की सूचना पर छत्तीसगढ़ और एमपी के सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने आपरेशन लांच किया। डोंगरगढ़ इलाके से लगते बोरतालाब क्षेत्र में नक्सलियों के साथ सुरक्षाबलों की टीम की मुठभेड़ हो गई। जवानों को जंगल में आते देख नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र की सीमा पर चल रहे नक्सलियों और जवानों के बीच मुठभेड में एमपी बालाघाट की स्पेशल नक्सल विरोधी हाॅक फोर्स में तैनात सब इंस्पेक्टर आशीष शर्मा शहीद हो गये। मुठभेड़ में बालाघाट जिले के किनी चौकी प्रभारी एसआई आशीष शर्मा को गोली लगी, जिसके बाद उन्हें डोंगरगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान डाॅक्टरों ने सब इंस्पेक्टर के शहीद होने की पुष्टी की। अभी भी जंगलों में मुठभेड़ जारी है।
40 वर्षीय सब इंस्पेक्टर आशीष शर्मा दो बार वीरता पदक से सम्मानित हो चुके थे। फरवरी 2025 में बालाघाट जिले के रौंदा जंगलों में हुई बड़ी मुठभेड़ का अहम हिस्सा थे, इन्होंने तीन महिला अपराधियों को मार गिराया था। सब इंस्पेक्टर के शहीद होने की खबर के बाद साथी पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों में दुःख का माहौल है। सभी की आंखे नम हैं।



