रायपुर। फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाले के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) रायपुर की टीम ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से कुलदीप उर्फ अभिषेक पाठक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बोगस फर्मों के जरिए करीब 12.5 करोड़ रुपये का फर्जी ITC हासिल कर उसे विभिन्न कंपनियों को ट्रांसफर करने का आरोप है।
जांच एजेंसी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में चल रहे फर्जी ITC घोटाले की जांच के दौरान अभिषेक पाठक का नाम सामने आया था। उसे कई बार पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए गए, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद DGGI की टीम शाहजहांपुर के अतिबरा गांव पहुंची और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने रायपुर निवासी अमन सिंह के साथ मिलकर स्क्रैप कारोबार से जुड़ी कई फर्मों का संचालन किया। आरोप है कि इन फर्मों के माध्यम से कागजों में फर्जी कारोबार दिखाकर करोड़ों रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट हासिल किया गया।
जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी ने अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर कई फर्में संचालित की थीं। इनमें समृद्धि ट्रेडिंग और ख्याति इंटरप्राइजेज जैसी कंपनियों के नाम सामने आए हैं। इन फर्मों के जरिए भी टैक्स क्रेडिट में अनियमितताओं की जांच की जा रही है।
DGGI के मुताबिक, इस नेटवर्क में 16 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी टैक्स क्रेडिट लेन-देन के संकेत मिले हैं। जांच एजेंसी को आशंका है कि यह नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ हो सकता है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर से महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं।



