राजनांदगांव । राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ पुलिस की कथित ज्यादती का मामला सामने आया है। गलत मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर किशोरी को गर्भवती बता दिया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे रातभर थाने में बैठाकर पूछताछ की। स्वजनों ने आरोप लगाया है कि महिला कांस्टेबल ने किशोरी के साथ गाली-गलौच, मारपीट और गला दबाने जैसी हरकत की।
घटना के बाद मामला तूल पकड़ गया। परिजनों ने कांग्रेस नेताओं के साथ कलेक्टर और एसपी से शिकायत की, जिसके बाद सोमनी थाना प्रभारी अरुण नामदेव को लाइन अटैच कर रक्षित केंद्र भेज दिया गया। वहीं गलत प्रेग्नेंसी रिपोर्ट देने वाली मेडिकल अफसर डॉ. मौन्या साहू को भी हटा दिया गया है
बताया जा रहा है कि पेट दर्द की शिकायत पर किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, जहां जांच के बाद उसे गर्भवती बताया गया। अगले दिन राजनांदगांव में दोबारा जांच कराने पर रिपोर्ट निगेटिव आई। परिवार ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।



