छत्तीसगढ़

अवैध रेत उत्खनन रोकने आधी रात खदान पहुंचीं विधायक सावित्री मंडावी, कार्रवाई नहीं होने पर थाना घेराव की चेतावनी..

कांकेर। भानुप्रतापपुर क्षेत्र में लगातार जारी अवैध रेत उत्खनन को लेकर कांग्रेस विधायक Savitri Mandavi का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार देर रात विधायक अपने समर्थकों और ग्रामीणों के साथ बेलवापानी रेत खदान पहुंच गईं और वहां धरने पर बैठ गईं।

जानकारी के अनुसार बेलवापानी रेत खदान में निर्धारित क्षेत्र के अलावा अन्य जगहों से भी मशीनों के जरिए अवैध तरीके से रेत निकाली जा रही थी। आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर भारी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे पर्यावरणीय मानकों और शासन के निर्देशों का खुला उल्लंघन हो रहा था।

लगातार शिकायतें मिलने के बाद विधायक सावित्री मंडावी खुद मौके पर पहुंचीं और खदान क्षेत्र का निरीक्षण किया। विधायक ने बताया कि मौके पर करीब 14 वाहन और एक चेन माउंटेन मशीन मौजूद थी। उन्होंने तत्काल प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।

बताया जा रहा है कि विधायक शाम करीब 7 बजे से ही खदान क्षेत्र में डटी रहीं, लेकिन प्रशासन रात करीब 1 बजे मौके पर पहुंचा। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए चेन माउंटेन मशीन को सील किया और कुछ वाहनों को जब्त किया।

विधायक ने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि अवैध उत्खनन पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस थाना घेराव किया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में रेत माफियाओं और प्रशासन की मिलीभगत को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Back to top button