भाटापारा। शहर के व्यस्त हटरी बाजार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक कपड़े की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए कई घंटों तक लगातार प्रयास किए गए, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि पूरी बिल्डिंग आखिरकार भरभराकर गिर गई।
राहत और बचाव कार्य के दौरान एक नगर सैनिक भी घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
आगजनी की इस घटना में दुकान में रखा कपड़ा और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। भाटापारा शहर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।



