गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के पांडुका थाना क्षेत्र स्थित कुकदा डैम में डूबने से युवक और युवती की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों रायपुर से अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव को पानी से बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर के शंकर नगर निवासी 23 वर्षीय पीयूष मंडल और 22 वर्षीय सिंपी अपने दोस्तों के साथ कुकदा डैम घूमने पहुंचे थे। इस दौरान चार दोस्त डैम में नहाने उतरे थे। नहाते समय पीयूष और सिंपी गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे।
दोनों को बचाने के लिए साथियों ने कोशिश की, लेकिन गहराई ज्यादा होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोर टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों के शव बरामद किए।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कुकदा डैम में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके लोग चोरी-छिपे नहाने पहुंच जाते हैं।



