रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पार्षद गोलू रात्रे ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को महासमुंद जिले में महानदी किनारे रेत में दफना दिया था।
जानकारी के मुताबिक, घटना मंदिर हसौद स्थित शराब भट्ठी के पीछे की है। मृतक भुवनेश्वर यादव अपने साथियों और पार्षद गोलू रात्रे के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोपियों ने भुवनेश्वर को कार में बैठाकर अपने साथ ले गए और महासमुंद ले जाकर बेरहमी से मारपीट की।
मारपीट के दौरान भुवनेश्वर की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को नदी किनारे रेत में दफना दिया। इधर, देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक आखिरी बार पार्षद गोलू रात्रे के साथ देखा गया था।
पुलिस पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है और पार्षद समेत चार आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने थाने का घेराव भी किया।



