कोरबा। Korba जिले के CSEB चौकी क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 27 वर्षीय युवक मनीष चंद्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर अपनी गर्लफ्रेंड को भेजा था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, मनीष चंद्रा एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। घटना के समय वह अपने कमरे में मौजूद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसके बड़े भाई ने दरवाजा तोड़ा, जहां मनीष फंदे पर लटका मिला। इसके बाद परिवार वालों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि राताखार क्षेत्र की रहने वाली एक युवती मनीष पर लगातार मानसिक दबाव बनाती थी, जिससे वह काफी परेशान रहता था। परिवार के मुताबिक, मनीष युवती के लिए ऑनलाइन सामान खरीदता था और अक्सर रातभर उससे बात करता रहता था। कई बार वह घर छोड़कर बाहर चला जाता था, जिसे समझाकर वापस लाया जाता था।
परिजनों ने बताया कि युवक का मोबाइल लॉक था। पासवर्ड मिलने के बाद जब मोबाइल खोला गया तो उसमें मौत से पहले रिकॉर्ड किया गया वीडियो और युवती के साथ चैटिंग मिली। बताया जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या से पहले वही वीडियो युवती को भेजा था।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। Rajesh Tiwari ने बताया कि मोबाइल चैट और वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। साथ ही संबंधित युवती से भी पूछताछ की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



