रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर और धमतरी जिलों से पुलिस विभाग के दो जवानों की आत्महत्या की दुखद घटनाएं सामने आई हैं। एक जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली, जबकि दूसरे जवान का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
बीजापुर में DRG जवान ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली
पहली घटना बीजापुर कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, डीआरजी (DRG) में पदस्थ आरक्षक दिलीप तेलम ने सोमवार रात करीब 8:45 बजे अपनी सरकारी राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगते ही उनकी मौके पर मौत हो गई।
दिलीप तेलम बीजापुर जिले के आवापल्ली थाना क्षेत्र के मुर्दोंडा गांव के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
धमतरी में CAF जवान ने फांसी लगाकर दी जान
दूसरी घटना धमतरी के सपना पिंक सिटी रोड इलाके की है। यहां CAF की 10वीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक जागेश्वर प्रसाद ठाकुर (37) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जागेश्वर मूल रूप से भटगांव थाना क्षेत्र के रनचीराई गांव के रहने वाले थे और परिवार के साथ धमतरी में रह रहे थे। वर्तमान में उनकी ड्यूटी रायपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में लगी हुई थी। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम पत्नी से विवाद के बाद उनकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। सोमवार सुबह उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में घरेलू विवाद को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है।
दोनों घटनाओं ने पुलिस विभाग और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।



