रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। खमतराई थाना क्षेत्र में सोते हुए ट्रक ड्राइवर पर चाकू से हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शेख जहांगीर (56) निवासी खमतराई 21-22 अप्रैल की रात अपने ट्रक (CG 07 BC 7912) को रावांभाठा मेटल पार्क में खड़ा कर अंदर सो रहे थे। इसी दौरान देर रात करीब 1 बजे मोटरसाइकिल सवार तीन युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
बात बढ़ने पर एक आरोपी ने चाकू निकालकर ड्राइवर के पैर, घुटने और हाथ की उंगली पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ड्राइवर से 10,000 रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर खमतराई थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर मोटरसाइकिल (CG 04 QU 0427) की पहचान कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपी अमरदास ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना कबूल किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



