सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पत्रकार से मारपीट करने के मामले में कृषि विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण पटेल को निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को कार्यालयीन समय में पोसराम साहू प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े छह आवेदनों के समाधान के लिए कार्यालय पहुंचे थे। इस दौरान संबंधित शाखा प्रभारी प्रवीण पटेल को बुलाकर आवेदनों की जांच कर तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए।
इसी दौरान प्रवीण पटेल ने आवेश में आकर पोसराम साहू और उनके साथी के साथ मारपीट कर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग द्वारा स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें दोषी पाया गया।
इसके बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के उल्लंघन के चलते तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय अनुविभागीय कृषि अधिकारी कार्यालय, सारंगढ़ निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।




