रायपुर। राजधानी के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 15 की निवासी परमेश्वरी मानिक पूरी अपने बेटे और बेटी के साथ नेवरा स्थित चॉइस सेंटर आधार कार्ड के नवीनीकरण के लिए गई थीं। काम पूरा होने के बाद वह अपने बेटे के साथ पल्सर बाइक से घर लौट रही थीं।
इसी दौरान अग्रसेन चौक और गुरु घासीदास चौक के बीच तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े, जबकि महिला ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर ट्रेलर जब्त कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।



