सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता के पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया, जब बॉयलर में अचानक विस्फोट हो गया। इस दुर्घटना में अब तक 14 मजदूरों की जान जा चुकी है। शुरुआती जानकारी में 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य ने अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान दम तोड़ा।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया,कई की हालत गंभीर बनी हुई है। रायगढ़ मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल रायगढ़ और रायपुर के निजी अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है। कुल 36 लोग इस हादसे में झुलसे हैं, जिनमें से 18 अभी भी उपचाराधीन हैं।
मृतकों में कुछ की पहचान हो चुकी है, जिनमें ठंडाराम, पप्पू कुमार, अमृत लाल पटेल (50) और उत्तर प्रदेश के बृजेश कुमार शामिल हैं। बाकी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
घटना के बाद प्लांट परिसर के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया। मजदूरों के परिजन बड़ी संख्या में वहां पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। उनका आरोप है कि कंपनी की ओर से सही जानकारी नहीं दी जा रही है और कुछ मजदूर अब भी लापता हैं।
जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मजिस्ट्रियल जांच कराने की बात कही है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
वेदांता प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है। वहीं घायलों के लिए 15-15 लाख रुपए की मदद तय की गई है।
इससे पहले प्रधानमंत्री राहत कोष (PMNRF) से भी सहायता राशि घोषित की गई, जिसके तहत मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।



