छत्तीसगढ़

लव मैरिज के एक महीने बाद पत्नी को अलग करने से परेशान..युवक ने की खुदकुशी..

भिलाई 

लव मैरिज के एक महीने बाद पत्नी के वियोग में सुपेला थाना अंतर्गत पांच रास्ता निवासी सोनू सिंह ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सोनू ने एक महीने पहले रामनगर मुक्तिधाम के पास की एक लड़की से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद लड़की के पिता ने प्रेम विवाह को मानने से इनकार कर दिया और उसे अपने साथ ले गया। इसी गम में सोनू ने गुरुवार देर शाम अपने घर में फांसी लगा ली।

सोनू के पिता राजेश सिंह ने बताया कि उसका बेटा 22 साल की एक लड़की से प्रेम करता था। डेढ़ महीने पहले वह लड़की को लेकर बिहार के गोपालगंज जिले पैतृक गांव भाग गया था। वहां उसने आर्य समाज में लड़की के साथ शादी कर ली। इधर, लड़की के पिता ने वैशाली नगर थाने में लड़की की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

सोनू एक महीने तक लड़की के साथ गांव में रहा। इसके बाद उसे लेकर भिलाई अपने घर आ गया। लड़की के पिता को उनके लौटने का पता चला तो उन्होंने वैशाली नगर थाने में शिकायत की और पुलिस के साथ आकर लड़की को ले गया। फिर बेटी को भेजने से मना कर दिया। इसके बद से सोनू अपने पिता से कहता था कि वह उस लड़की के बिना नहीं रह पाएगा। उसने गुरुवार को लड़की के दुपट्टे से से ही फांसी लगा ली। मृतक के पिता का कहना है कि सोनू लड़की के गम में काफी दुखी था. वह बार बार मरने की बात करता था. लड़का और लड़की दोनों बालिग थे। लड़की ने पुलिस के सामने थाने में यह बोला भी था कि वह सोनू के साथ रहना चाहती है। इसके बाद भी वैशाली नगर पुलिस ने जबरदस्ती लड़की को उसके पिता के साथ भेज दिया। राजेश का कहना है कि यदि लड़की की मर्जी पुलिस मानती और दोनों को साथ रहने देती तो आज उसका बेटा जिंदा होता।

Back to top button