छत्तीसगढ़

रिसॉर्ट में युवती की संदिग्ध मौत, संचालक पर रेप का केस दर्ज..

राजनांदगांव | संवाददाता छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के मनघट्टा स्थित व्हिस्लिंग वुड्स रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए रिसॉर्ट संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रिसॉर्ट संचालक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है, जबकि उसके दो सहयोगियों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आशुतोष हिरवानी, जो रिसॉर्ट का संचालक बताया जा रहा है, पर आरोप है कि उसने युवती को जबरन शराब पिलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। जांच के दौरान युवती के शरीर पर चोट के निशान मिलने की भी जानकारी सामने आई है। मामले में घनश्याम बेलचंदन और छत्रपाल को सहयोगी के रूप में गिरफ्तार किया गया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना वाले दिन युवती के साथ एक अन्य युवती भी मौजूद थी। पुलिस उसकी भूमिका और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक सभी लोग पहले रायपुर में पार्टी करने के बाद देर रात रिसॉर्ट पहुंचे थे।

गुरुवार सुबह युवती का शव रिसॉर्ट के बाथरूम में मिला था। घटना के बाद मौके पर मौजूद युवक फरार हो गए थे, जिन्हें बाद में पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की और गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि मृतका भिलाई-3 क्षेत्र की रहने वाली थी। घटना के समय रिसॉर्ट में कुल आठ लोग मौजूद थे, जिनमें तीन युवक और दो युवतियां भिलाई से तथा तीन अन्य युवक रायपुर से पहुंचे थे।

मामले की जांच के लिए एफएसएल और क्राइम ब्रांच की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। रिसॉर्ट के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button