बलौदाबाजार | छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल विकासखंड स्थित खर्वे गांव में पिछले तीन महीनों के दौरान हुई 8 संदिग्ध मौतों ने पूरे इलाके को दहला दिया है। ग्रामीणों की मांग पर पुलिस ने 7 शवों को कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। अब पूरे मामले की सच्चाई मेडिकल और वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गांव में 6 फरवरी से 14 मई के बीच अलग-अलग समय पर 8 लोगों की मौत हुई। लगातार हो रही मौतों के बाद ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बन गया। इसके बाद गांव में शांति पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें परंपरा के अनुसार पशु बलि भी दी गई, लेकिन इसके बाद भी मौतों का सिलसिला थम नहीं सका।
ग्रामीणों के बीच गड़े धन और कथित नरबलि जैसी कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोगों ने दावा किया है कि मौतों के पीछे सुनियोजित साजिश हो सकती है, जबकि कुछ परिजनों ने आरोप लगाया है कि मृतकों ने मौत से पहले कथित रूप से एक ही व्यक्ति से शराब ली थी। हालांकि इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मामले में सबसे चर्चित घटनाओं में गांव में शांति पूजा कराने वाले बैगा की संदिग्ध मौत भी शामिल है। परिजनों का आरोप है कि शराब पीने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
जांच के दौरान एक ऐसे व्यक्ति का बयान भी सामने आया, जो कथित रूप से शराब पीने के बाद गंभीर रूप से बीमार हुआ था लेकिन उसकी जान बच गई। उसके बयान के आधार पर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
आरोपों के घेरे में आए व्यक्ति के परिवार ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि वे भी पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हें स्वीकार करेंगे।
चूंकि गांव के अधिकांश लोग कबीर पंथ से जुड़े हैं, इसलिए मृतकों का दाह संस्कार नहीं बल्कि दफन किया गया था। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत कब्र खोदकर शव बाहर निकाले, पोस्टमॉर्टम कराया और बाद में उन्हें दोबारा दफना दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी नमूनों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे गांव की नजर पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे इन रहस्यमयी मौतों का सच सामने आने की उम्मीद है।



