तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ के तिल्दा-नेवरा में शुक्रवार को स्कूल के बाहर दो छात्रों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। 11वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच हुई चाकूबाजी में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र सासाहोली स्थित सरस्वती स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ते थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। स्कूल की छुट्टी के बाद बाहर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक छात्र ने चाकू से हमला किया, लेकिन बचाव के दौरान दूसरे छात्र ने चाकू छीनकर पलटवार कर दिया। इस घटना में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल छात्र का इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में किसी अन्य छात्र की भूमिका तो नहीं थी।
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, कम उम्र के छात्रों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर अभिभावकों और समाज के बीच चिंता भी बढ़ गई है।



