रायपुर। बलौदा बाजार कलेक्टर दीपक सोनी (IAS Deepak Soni) का सेंट्रल डेपुटेशन पर जाने का रास्ता साफ हो गया है। भारत सरकार ने उन्हें पोस्टिंग दे दी है। वे जल्द ही यहां से रिलीव होकर केंद्र में ज्वाईनिंग देंगे।
दीपक सोनी 2011 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। वे इस समय बलौदाबाजार कलेक्टर हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले केंद्र में प्रतिनियुक्ति की इच्छा जताई थी। छत्तीसगढ़ सरकार के एनओसी मिलने के बाद भारत सरकार ने उन्हें वहां पदास्थपना दे दी है। दीपक को हेल्थ में डायरेक्टर बनाया गया है। 2011 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के वे डेपुटेशन पर जाने वाले दूसरे आईएएस अधिकारी हैं। उनसे पहले इसी बैच के डॉ0 सर्वेश भूरे दो महीने पहले डेपुटेशन पर गए हैं।
दीपक सोनी (IAS Deepak Soni) रायपुर जिला पंचायत के सीईओ से सूरजपुर कलेक्टर बनाए गए थे। वे चार जिलों के कलेक्टर रह चुके हैं। उनका पहला जिला सूरजपुर था। उसके बाद दंतेवाड़ा, फिर कोंडागांव और इस समय बलौदा बाजार कलेक्टर हैं।
मई 2024 में जब बलौदा बाजार में हिसंक संघर्ष हुआ था, उग्र भीड़ ने कलेक्ट्रेट, एसपी ऑफिस को आग के हवाले कर दिया था। इस मामले में सरकार ने तत्कालीन कलेक्टर केएल चौहान को सरकार ने सस्पेंड कर दिया था। तब सरकार के सामने प्रश्न था कि बलौदा बाजार की स्थिति को संभालने किस आईएएस को कलेक्टर बनाकर भेजा जाए। तब दीपक सोनी का नाम सामने आया था। सरकार ने दीपक को बलौदा बाजार की कमान सौंपी और वे भरोसे पर खरे उतरे। रात-दिन एक कर उन्होंने खंडहर जैसा बन चुके कलेक्ट्रेट का 15 दिन के भीतर नक्शा बदल दिया था। उन्होंने प्रशासनिक दक्षता का परिचय देते हुए अशांत बलौदा बाजार में सदभाव का वातावरण निर्मित कर दिया।



