छत्तीसगढ़

राजधानी के NH-53 पर तेज रफ्तार का कहर, हाईवा ने बाइक-सवारों को कुचला, 3 की मौत..

रायपुर।  जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे-53 पर आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत पारागांव के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार हाइवा वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। तीनों सवार सड़क पर कई फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक तीनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। शव सड़क पर क्षत-विक्षत हालत में पड़े थे, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों की रूह कांप गई।

दुर्घटना के तुरंत बाद हाइवा चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त हाइवा वाहन को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर जांच की जा रही है।

इस हादसे के बाद पारागांव और आसपास के क्षेत्रों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे-53 पर भारी वाहनों की रफ्तार लगातार जानलेवा साबित हो रही है। कई बार शिकायतों के बावजूद तेज रफ्तार हाइवा और ट्रकों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं लगाया जा सका है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर स्पीड लिमिट को सख्ती से लागू किया जाए, नियमित चेकिंग हो और संवेदनशील इलाकों में स्पीड ब्रेकर व चेतावनी संकेत लगाए जाएं।

Leave a Reply

Back to top button