
गरियाबंद
फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में एक छात्र का शव पेड़ से लटका मिला है। छात्र कॉलेज जाने के लिए बाइक पर रायपुर से अभनपुर निकला था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। चरवाहे अपने पशुओं को लेकर जंगल से लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बाबाकूपि जंगल के पास एक युवक का शव फांसी से लटका हुआ देखा। इस पर चरवाहों ने वहां से थोड़ी दूर पर क्रिकेट खेलने आए लड़कों को इसकी जानकारी दी। बात गांव में फैली और सरपंच को पता चला तो वहां से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात पता चला कि युवक रायपुर के चंडी बेलर का रहने वाला नंद किशोर साहू (22) है। वह अभनपुर के हीरा लाल कॉलेज में ग्रेजुएशन का छात्र था। रोज की तरह नंद किशोर शुक्रवार को भी बाइक से कॉलेज जाने के लिए निकला था, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा। इसके बाद से परिजन उसे तलाश रहे थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि नंद किशोर पढ़ने मे बहुत तेज़ था। हंसी-खुशी रहता था। उसका किसी से विवाद भी नहीं था।पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। तब तक पुलिस परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। अभी तक युवक के खुदकुशी करने का कोई कारण सामने नहीं आया है।



