राज्य

परिणाम भाषणों से नहीं, बल्कि पुरुषार्थ, ईमानदारी व अपने कर्तव्य पूरे करने से आते हैं: मुख्यमंत्री

शक्तिपीठ देवीपाटन में ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

भारत और सनातन एक-दूसरे के पूरक, भारत मजबूत होगा तो सनातन भी सशक्त होगा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

शाहजहां ने भी औरंगजेब से कहा था- तुमसे अच्छे हिंदू, जो मरने के बाद भी पूर्वजों को देते हैं पानी: मुख्यमंत्री

जाति, क्षेत्र और भाषा से ऊपर उठकर एक राष्ट्र के बारे में सोचें: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

संत का कोई व्यक्तिगत परिवार नहीं होता, वह समाज और राष्ट्र के लिए बनाता है स्कूल व अस्पताल: मुख्यमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी जी का 'नेशन फर्स्ट' का भाव हर भारतीय का संकल्प बनना चाहिए: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

बलरामपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि परिणाम भाषणों या उपदेशों से नहीं, बल्कि पुरुषार्थ, परिश्रम और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों के निर्वहन से आते हैं। जब छात्र ईमानदारी से पढ़ाई करेगा, शिक्षक बच्चों को पारंगत करेगा, किसान खेतों में परिश्रम करेगा, व्यापारी ईमानदारी से व्यापार करेगा, गृहस्थ बच्चों को संस्कारित करेगा, संत जनजागरण करेगा और गोपालक गोमाता की सेवा करेगा, तभी राष्ट्र सशक्त और समर्थ बनेगा।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को तुलसीपुर स्थित शक्तिपीठ देवीपाटन में ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी महाराज की पावन पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित साप्ताहिक श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ में सम्मिलित हुए। उन्होंने व्यास पीठ व शक्तिपीठ को नमन करते हुए ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी महाराज को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने बताया कि 30 नवंबर को कथा का विराम एवं भंडारा होगा, किंतु अन्य कार्यक्रमों में व्यस्तता के कारण वे तीन दिन पूर्व ही अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे हैं।

भारत और सनातन एक-दूसरे के पूरक, 'नेशन फर्स्ट' बने हर भारतीय का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और सनातन धर्म को अलग करके नहीं देखा जा सकता, दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि भारत मजबूत होगा तो सनातन धर्म मजबूत होगा और सनातन धर्म सशक्त होगा तो भारत भी समर्थ बनेगा। इसी भावना के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिया गया 'नेशन फर्स्ट' (राष्ट्र प्रथम) का मंत्र हर भारतीय का संकल्प बनना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विगत पांच हजार वर्षों से श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा ज्ञान, भक्ति और वैराग्य के माध्यम से किंकर्तव्यविमूढ़ समाज को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे रही है। जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में यह पावन कथा हर सनातन धर्मावलंबी का मार्गदर्शन करती है।

एक-एक बूंद पानी को तरसे शाहजहां ने भी सनातन परंपरा को बताया था श्रेष्ठ
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म कृतज्ञता ज्ञापित करने की महान परंपरा का वाहक है। आश्विन मास के कृष्ण पक्ष के पूरे 15 दिन हम अपने पूर्वजों के प्रति श्राद्ध और तर्पण के लिए समर्पित करते हैं। उन्होंने ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जब क्रूर औरंगजेब ने अपने पिता शाहजहां को आगरा के किले में कैद कर 24 घंटे में केवल एक छोटे घड़े में पानी दिया और वह एक-एक बूंद को तरसने लगा, तब शाहजहां ने औरंगजेब को कोसते हुए कहा था कि तुमसे अच्छे तो हिंदू हैं, जो जीते-जी बुजुर्गों की सेवा करते हैं और मरने के बाद भी वर्ष में एक बार श्राद्ध-तर्पण कर उनका स्मरण करते हैं।

जाति, क्षेत्र और भाषा से ऊपर उठकर सोचेंगे तभी सुरक्षित रहेगा भारत
मुख्यमंत्री ने रामायण के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि लंका प्रस्थान के समय मैनाक पर्वत द्वारा विश्राम का आग्रह करने पर हनुमान जी ने कहा था— 'राम काज कीन्हें बिनु मोहि कहां विश्राम' और 'कृते च प्रतिकर्तव्यं एष धर्मः सनातनः', अर्थात उपकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना ही सनातन धर्म है। उन्होंने आगाह किया कि जब तक सनातन धर्मावलंबियों में कृतज्ञता का यह भाव बना रहेगा और हम जाति, क्षेत्र व भाषा भेद से ऊपर उठकर एक राष्ट्र के बारे में सोचेंगे, तभी तक भारत सुरक्षित और अखंड बना रहेगा।

संत का व्यक्तिगत परिवार नहीं, समाज व राष्ट्र के लिए करता है निर्माण
ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी महाराज के कृतित्व को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक संत का कोई व्यक्तिगत परिवार नहीं होता, वह समाज, देश और धर्म के लिए जीता है। महंत महेंद्र नाथ जी ने गोरखपुर में पूज्य गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ जी महाराज के सानिध्य में जो कुछ सीखा, उसे देवीपाटन में साकार किया।

उन्होंने 1994 में थारू जनजाति के बच्चों के लिए छात्रावास शुरू कराया, धर्मशालाएं बनवाईं, नंद महरा में स्कूल, अस्पताल, तुलसीपुर में सीबीएसई विद्यालय, मंदिर सौंदर्यीकरण, गोशाला विस्तार और निशुल्क अन्नपूर्णा भोजनालय जैसी जनसेवा की अनेक परियोजनाएं आगे बढ़ाईं। किसी भी संत को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम सनातन मूल्यों को जीवन में चरितार्थ करें।

नेपाल से भी जुड़ी है शक्तिपीठ देवीपाटन की अटूट आस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिशक्ति मां भगवती की यह पौराणिक शक्तिपीठ गुरु गोरक्षनाथ से लेकर दांग (नेपाल) के राजकुमार सिद्ध योगी पीर रतन नाथ जी महाराज की महान परंपरा से जुड़ी है। प्रतिवर्ष चैत्र नवरात्रि पर नेपाल से पीर रतन नाथ जी की सवारी यहां आती है। इस शक्तिपीठ की आस्था देश की सीमाओं को लांघती है और उत्तर प्रदेश व देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ मित्र राष्ट्र नेपाल से भी लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं।
 

Leave a Reply

2

Back to top button