छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा, बाइक सवार तीन युवकों में से दो की मौके पर मौत..

भाटापारा। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम खपराडीह के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक पर तीन युवक सवार थे। तीनों युवक भाटापारा के ग्राम आलेसुर के निवासी बताए जा रहे हैं। खपराडीह के पास उनकी बाइक की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और बाइक ट्रक में कैसे जा घुसी, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

2

Back to top button