छत्तीसगढ़

जगदलपुर में ड्रोन और थर्मल कैमरे से जंगल में पकड़े गए सोना चोर, एक ही परिवार के 5 सदस्य गिरफ्तार; 765.7 ग्राम सोना बरामद..

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में ज्वेलरी दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स से सोने के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि सभी आरोपी एक ही परिवार के सदस्य हैं। वारदात के बाद आरोपी चोरी का सोना लेकर घने जंगल में छिप गए थे। पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए ड्रोन और थर्मल कैमरों की मदद ली। आरोपियों के कब्जे से 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।

त्योहार की भीड़ का उठाया फायदा

पुलिस के मुताबिक, चोरी की वारदात 7 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में हुई थी। त्योहार के कारण दुकान में ग्राहकों की काफी भीड़ थी। इसी दौरान महिलाओं और बच्चों का एक समूह आभूषण खरीदने के बहाने दुकान पहुंचा।

समूह में शामिल महिलाओं ने अलग-अलग आभूषण देखने के बहाने दुकानदार को बातचीत में उलझाए रखा। इसी बीच एक महिला ने मौका देखकर दुकान की दराज में रखा सोने के आभूषणों से भरा प्लास्टिक का डिब्बा निकाल लिया और अपने साथ मौजूद नाबालिग लड़की को सौंप दिया। इसके बाद पूरा समूह वहां से निकल गया।

तीन घंटे बाद चला चोरी का पता

दुकानदार को शाम करीब 7:30 बजे सोने के टॉप्स से भरा डिब्बा गायब होने की जानकारी मिली। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर दुकानदार ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सफेद स्कॉर्पियो से मिला अहम सुराग

जांच के दौरान पुलिस को एक सफेद स्कॉर्पियो के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। साइबर सेल और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन क्रमांक CG 17 C 3511 की पहचान की। वाहन की बिक्री से जुड़ी जानकारी जुटाने के बाद पुलिस पथरीली उड़वा गांव तक पहुंची।

सीएसपी अंशिका जैन ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस टीम जब गांव पहुंची, तब तक संदिग्ध चोरी का सामान लेकर जंगल की ओर भाग चुके थे।

ड्रोन और थर्मल कैमरे से जंगल में सर्च ऑपरेशन

घने जंगल और ऊंची घास के कारण आरोपियों को तलाशना पुलिस के लिए चुनौती बन गया था। इसके बाद पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। ड्रोन और थर्मल कैमरों की मदद से जंगल के संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी गई। वहीं पुलिस की अलग-अलग टीमें पैदल तलाशी अभियान चलाती रहीं।

आखिरकार पुलिस ने जंगल के अलग-अलग स्थानों से संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए गए।

पांच आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी

पुलिस ने इस मामले में फूलों कश्यप, मासों कश्यप, पसली माड़वी, शंकर माड़वी और परमेश कश्यप को गिरफ्तार किया है। वहीं एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो, ऑटो और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

मामले में तीन अन्य आरोपी मासो कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।

 

Leave a Reply

2

Back to top button