जगदलपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य निर्माण में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बस्तर को शांति, विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
समारोह का शुभारंभ करते हुए जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़वासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य निर्माण की सौगात दी। उनका योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।
विधायक ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की सहायता दिए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जगदलपुर में 24 घंटे संचालित नालंदा परिसर युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद करेगा। वहीं धुड़मारास हेरिटेज विलेज, होम-स्टे और पर्यटन कॉरिडोर से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि नारी शक्ति और युवा ऊर्जा नए बस्तर के निर्माण का मजबूत आधार हैं। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसी पहल स्थानीय प्रतिभाओं को नई पहचान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर अब शांति और विकास के नए आयाम की ओर बढ़ रहा है।
माओवाद मुक्त बस्तर के बाद विकास पर जोर
कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिले की विकास यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि 31 मार्च 2026 को बस्तर क्षेत्र का माओवाद मुक्त होना ऐतिहासिक बदलाव है। अब प्रशासन का ध्यान शांति को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने पर केंद्रित है।
उन्होंने बताया कि सड़क, रेल, हवाई सेवाओं, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम किया जा रहा है। गीदम-भोपालपटनम फोरलेन कॉरिडोर और अंतागढ़-जगदलपुर रेल परियोजना सहित कई विकास कार्यों से क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है। बस्तर मावा अभियान, देवगुड़ी-मातागुड़ी स्थलों का संरक्षण और चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार भी विकास यात्रा का हिस्सा हैं।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ, प्रतिभाओं का सम्मान
राज्योत्सव में विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनियां लगाई गईं। अतिथियों ने इनका अवलोकन किया और लोगों से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, भूमि स्वामित्व दस्तावेज सहित अन्य सहायता प्रदान की गई।
मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में योगदान देने वाले समाजसेवियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों और लोक कलाकारों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



