रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने ही सगे जीजा के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान चोरी कर लिए। मामले में रायपुर पुलिस ने आरोपी साले को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 37 लाख रुपये का सामान बरामद किया है, जिसमें 25 तोला सोने के जेवर भी शामिल हैं।
जीजा के सूने मकान में की थी चोरी
मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित अनिल शर्मा कोंडागांव जिले के कृषि विभाग में पदस्थ हैं। उनका रायपुर के टिकरापारा स्थित मकान बंद था और वे कोंडागांव गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने मकान को निशाना बनाया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित ने 28 अक्टूबर को टिकरापारा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से खुला चोरी का राज
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक व्यक्ति दीवार फांदकर मकान के अंदर प्रवेश करता दिखाई दिया। तकनीकी विश्लेषण के बाद उसकी पहचान प्रियंक उर्फ शुभम पांडे के रूप में हुई, जो पीड़ित का सगा साला है। आरोपी मूल रूप से महासमुंद जिले का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के लक्ष्मी नगर क्षेत्र में रह रहा था।
जुए और कर्ज के कारण बना चोर
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जुआ खेलने का आदी था और पुराने कर्ज में डूबा हुआ था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने ही जीजा के घर चोरी की योजना बनाई। आरोपी को घर में सोने-चांदी के जेवर कहां रखे हैं, इसकी पूरी जानकारी थी। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
37 लाख रुपये का सामान बरामद
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 25 तोला सोने के जेवर सहित कुल करीब 37 लाख रुपये का सामान बरामद किया है।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



