रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर आज 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध तालाब में भारतीय वायुसेना का भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर टीम रोमांचक हवाई करतब दिखाएंगी।
एयर शो को लेकर प्रदेशभर में उत्साह है। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात और पार्किंग व्यवस्था तैयार की है। दर्शकों की सुविधा के लिए 20 बसें और 55 ई-रिक्शा भी संचालित किए जाएंगे।
सूर्य किरण और सारंग टीम दिखाएंगी दमखम
एयर शो में सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम अपने विमानों के जरिए शानदार हवाई करतब और सटीक तालमेल का प्रदर्शन करेगी। वहीं सारंग हेलीकॉप्टर टीम हेलीकॉप्टरों के साथ विभिन्न हवाई संरचनाएं और समन्वित उड़ान का प्रदर्शन करेगी। दर्शकों को वायुसेना के पायलटों के कौशल और विमानों की क्षमता देखने का अवसर मिलेगा।
किस दिशा से आने वालों को कहां मिलेगी पार्किंग?
पुलिस प्रशासन ने अलग-अलग शहरों और दिशाओं से आने वाले दर्शकों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
- रायपुर शहर: माना विमानतल तिराहा से स्टेडियम टर्निंग, चंदूलाल चंद्राकर चौक और कबीर चौक होते हुए सेक्टर-4 स्थित अविनाश उपवन पार्किंग।
- दुर्ग-भिलाई: पचपेड़ी नाका, कमल विहार चौक, सदानी दरबार और ऊपरवारा चौक होते हुए सेक्टर-4 स्थित अविनाश उपवन पार्किंग।
- धमतरी-अभनपुर: सेंट्रल माउंटफोर्ट स्कूल मार्ग से ऊपरवारा चौक होते हुए अविनाश उपवन पार्किंग।
- बिलासपुर-बलौदाबाजार: मंदिर हसौद-नवागांव स्टेडियम मार्ग से स्टेडियम के आसपास निर्धारित पार्किंग।
- महासमुंद-आरंग: नवागांव स्टेडियम मार्ग से परसदा स्थित कोसा मैदान पार्किंग।
- पासधारी वाहन: माना विमानतल तिराहा से स्टेडियम टर्निंग होते हुए सेक्टर-1 में रेलवे स्टेशन के पास निर्धारित पार्किंग।
पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की व्यवस्था
दर्शकों को पार्किंग स्थलों से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए 20 बसें और 55 ई-रिक्शा संचालित किए जाएंगे। कुछ पार्किंग स्थलों से दर्शकों को पैदल भी जाना होगा।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और अनधिकृत स्थानों पर वाहन पार्क नहीं करने की अपील की है। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षा कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
राज्योत्सव के मौके पर आयोजित यह एयर शो छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए खास आकर्षण रहेगा। सूर्य किरण और सारंग टीम के शानदार हवाई प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।



