बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्ली राजहरा माइंस क्षेत्र में तीन भालुओं की मौजूदगी से कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। माइंस कर्मचारियों ने भालुओं की चहलकदमी का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया और इसकी सूचना वन विभाग को दी।
माइंस क्षेत्र में भालुओं की मौजूदगी से चिंता
जानकारी के मुताबिक, माइंस एरिया में तीन भालुओं को देखकर कर्मचारियों में चिंता बढ़ गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद दल्ली राजहरा वन परिक्षेत्र अधिकारी संतोष ठाकुर ने लोगों से सतर्क रहने और भालुओं के नजदीक नहीं जाने की अपील की है।
तीन दिन पहले मंदिर परिसर में दिखा था भालू
इससे पहले ग्राम भालूकोन्हा स्थित शिव मंदिर परिसर में भी देर रात एक भालू दिखाई दिया था। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में उसकी गतिविधियां कैद हुई थीं। बाद में उसे जंगल की ओर जाते देखा गया।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवरों के दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखें और इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें।



