छत्तीसगढ़

रायपुर में मासूम से क्रूरता का आरोप: मां गिरफ्तार, 3 साल के बेटे का हाथ फ्रैक्चर; सिगरेट से दागने का भी आरोप..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तरुण नगर में तीन मासूम बच्चों के साथ कथित मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। आरोप है कि मां और उसके दूसरे पति ने बच्चों के साथ मारपीट की और उन्हें खाना भी नहीं दिया। मामले में तीन साल के बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं। उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया है। बच्चे को सिगरेट से दागने का आरोप भी लगाया गया है।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मां अन्नू देवी पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसका पति राजा दीप फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

रोते हुए घर से बाहर आई बच्ची, पड़ोसियों को बताई घटना

मिली जानकारी के अनुसार, अन्नू देवी पासवान अपने पति राजा दीप और तीन बच्चों समीर (8), लक्ष्मी (6) तथा रोहित (3) के साथ तरुण नगर में किराए के मकान में रहती थी। ये तीनों बच्चे महिला के पहले पति से हैं।

बताया जा रहा है कि 13 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे छह वर्षीय लक्ष्मी रोते हुए घर से बाहर आई। उसने पड़ोसियों को बताया कि उसके भाई रोहित के साथ मारपीट की गई है। इसके बाद पड़ोसियों को बच्चे के घायल होने की जानकारी मिली।

बच्चे का हाथ फ्रैक्चर, चेहरे और आंख में भी चोट

आरोप है कि मारपीट के दौरान तीन वर्षीय रोहित का हाथ फ्रैक्चर हो गया। उसके चेहरे और आंख में भी चोटें आई हैं। बच्चे को सिगरेट से दागने की बात भी सामने आई है। फिलहाल घायल बच्चे का अस्पताल में इलाज जारी है।

बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार की जानकारी मिलने पर पड़ोसियों ने विरोध किया। आरोप है कि इस दौरान उन्हें धमकाया भी गया। इसके बाद लोगों ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मां गिरफ्तार, सौतेले पिता की तलाश जारी

शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, आरोपी राजा दीप फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा और घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Leave a Reply

Back to top button