छत्तीसगढ़

CG Road Accident: सरगुजा में सड़क हादसों में 3 युवकों की मौत, 12 घायल; दो सगे भाइयों ने मौके पर तोड़ा दम..

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर उदयपुर क्षेत्र में अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हुए हैं। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं, जो करमा महोत्सव देखने के लिए बाइक से जा रहे थे।

साल्ही मोड़ पर ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, दो भाइयों की मौत

पहला हादसा गुरुवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच तारा चौकी क्षेत्र के साल्ही मोड़ के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, घाटबर्रा निवासी मन्त्रा राम मझवार (21) और धना राम मझवार (22) बाइक से डांडगांव में करमा महोत्सव देखने जा रहे थे।

इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। तारा चौकी प्रभारी संजय गोस्वामी के अनुसार, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया है।

ढाबे के पास अज्ञात वाहन ने युवकों को लिया चपेट में

दूसरी दुर्घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे प्रिंस ढाबे के पास हुई। लखनपुर के गणेशपुर निवासी संदीप ठाकुर (20), अपने दो साथियों राहुल (18) और शिवम राजवाड़े (21) के साथ बाइक से करमा महोत्सव में शामिल होने जा रहा था।

इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में संदीप ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल और शिवम घायल हो गए। सूचना मिलने पर 112 की टीम ने दोनों घायलों को उदयपुर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।

एक दिन में सड़क हादसों के 15 मरीज अस्पताल पहुंचे

लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों की संख्या बढ़ गई। बीएमओ डॉ. योगेंद्र पैकरा के मुताबिक, 15 अक्टूबर को सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े 15 मरीज अस्पताल लाए गए। इनमें से दो गंभीर घायलों की हालत बिगड़ने पर उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

पुलिस जांच में जुटी

एएसआई शिवचरण राम साहू के अनुसार, दूसरी दुर्घटना में घायल युवकों के नशे में होने की बात शुरुआती जांच में सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

लगातार हो रहे सड़क हादसों ने हाईवे पर तेज रफ्तार और यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दुर्घटनाओं से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button