धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन चोरी करने के आरोप में पुलिस ने महाराष्ट्र के एक दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2.20 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन बरामद की गई है।
रक्षाबंधन के दिन हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के दौरान शहर के घड़ी चौक स्थित आमंत्रण ज्वेलर्स में ग्राहकों की भीड़ थी। इसी दौरान खरीदारी करने के बहाने अज्ञात आरोपियों ने 17 ग्राम 110 मिलीग्राम वजन की सोने की चेन चोरी कर ली। शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
चेन बेचने के लिए तलाश रहे थे ग्राहक
9 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि आमा तालाब रोड स्थित यादव भवन के पास दो संदिग्ध सोने की चेन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर रेखा चौहान (50) और पृथ्वीराज चौहान (60), निवासी अक्लुज, जिला सोलापुर, महाराष्ट्र को पकड़ा।
पूछताछ और पहचान की कार्रवाई के बाद उनके कब्जे से चोरी की सोने की चेन बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। मामले में पुलिस की जांच के बाद चोरी गई संपत्ति बरामद कर ली गई है।



