छत्तीसगढ़

स्कूटी पर निकले डिप्टी सीएम अरुण साव, अंबिकापुर की सफाई और विकास कार्यों का लिया जायजा..

अंबिकापुर। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री श्री अरुण साव ने गुरुवार को स्कूटी चलाकर अंबिकापुर शहर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और निर्माण कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था में सुधार के साथ नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्री साव ने शहर भ्रमण के दौरान केरसु तालाब की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। यहां सफाई व्यवस्था में कमी पाए जाने पर उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई तथा स्वच्छता व्यवस्था की प्रभावी निगरानी पर विशेष जोर दिया।

प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों से की मुलाकात

उप मुख्यमंत्री ने सुभाष नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के तहत निर्मित 493 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवास के हितग्राहियों से मुलाकात कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

उन्होंने हितग्राहियों से यह भी जाना कि पक्का मकान मिलने के बाद उनके जीवन में किस तरह बदलाव आया है। हितग्राहियों ने आवास मिलने पर खुशी जताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

श्री साव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों को आवास आवंटित किए गए हैं, उनका आवासीय परिसर में निवास सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही परिसर की साफ-सफाई, जरूरी नागरिक सुविधाओं और शेष निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

एसएलआरएम सेंटर में कचरा प्रबंधन व्यवस्था देखी

उप मुख्यमंत्री ने डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर पहुंचकर कचरा संग्रहण, पृथक्करण और प्रसंस्करण की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अंबिकापुर के कचरा प्रबंधन मॉडल की सराहना करते हुए स्वच्छता दीदियों के कार्यों की प्रशंसा की।

उन्होंने बताया कि शहर में करीब 480 स्वच्छता दीदियां घर-घर से कचरा एकत्र करने और उसके उचित प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके प्रयासों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिली है।

सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश

शहर के निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण और मरम्मत से जुड़े कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्यों को जल्द शुरू करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

इस दौरान महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Back to top button