छत्तीसगढ़

बलरामपुर में जंगली हाथी का हमला, 53 वर्षीय बुजुर्ग को कुचला..

बलरामपुर। जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र के बरियों उप-परिक्षेत्र में जंगली हाथी के हमले से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम परसवारकला (बड़खापारा) निवासी सुटरूंग कौशिक, उम्र 53 वर्ष, मंगलवार रात करीब 7:05 बजे पैदल अपनी बेटी के घर जा रहे थे। इसी दौरान महान नदी पार कर जंगल की ओर से आए एक जंगली कबरा हाथी से उनका अचानक सामना हो गया।

हाथी ने बुजुर्ग पर हमला कर उन्हें कुचल दिया। गंभीर हमले के चलते उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हमले के बाद हाथी रेवतपुर के जंगल की ओर चला गया।

बुधवार सुबह प्रशासनिक कार्रवाई के तहत शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।

प्रशासन की ओर से मृतक की पत्नी कुलेश्वरी कौशिक को तत्काल राहत के रूप में 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button