बिलासपुर। युक्तियुक्तकरण और पदोन्नति से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नए जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पाण्डेय ने न्यायालयीन शाखा के लिपिक सुनील यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मामले की जांच के लिए गठित त्रि-सदस्यीय समिति ने अपनी रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को सौंपी थी। रिपोर्ट को आगे की कार्रवाई के लिए लोक शिक्षण संचालनालय भेजा गया था।
रिपोर्ट में युक्तियुक्तकरण और पदोन्नति से जुड़े आदेशों, पदस्थापन और प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का उल्लेख किया गया था। आरोपों में सक्षम समिति के निर्णयों के विपरीत आदेश तैयार करने, समयसीमा के बाद पदस्थापन में संशोधन और नियमों के विपरीत कुछ मामलों में लाभ पहुंचाने जैसी बातें शामिल हैं।
रिपोर्ट के आधार पर डीईओ ने अपने प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र में आने वाले लिपिक सुनील यादव के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।
अब इस मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई और जांच के परिणाम पर नजर रहेगी।



