छत्तीसगढ़

आयुष्मान योजना में फर्जी क्लेम का आरोप, रायपुर के 2 निजी अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन रद्द..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत क्लेम में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद शहर के दो निजी अस्पतालों का योजना के तहत रजिस्ट्रेशन कैंसिल कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग को शिकायतें मिली थीं कि कुछ निजी अस्पतालों में मरीजों को फर्जी तरीके से भर्ती दिखाकर आयुष्मान योजना के तहत क्लेम किए जा रहे हैं। शिकायतों के आधार पर विभाग ने रायपुर के निजी अस्पतालों में जांच शुरू की।

जांच के दौरान मेड लाइफ सुपर स्पेशलिटी और लोटस हॉस्पिटल में योजना से संबंधित अनियमितताएं पाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद विभाग ने दोनों अस्पतालों का आयुष्मान योजना के तहत पंजीकरण रद्द कर दिया।

स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद अब मामले में संबंधित दस्तावेजों और क्लेम प्रक्रिया की जांच की जा रही है। विभाग का फोकस यह सुनिश्चित करने पर है कि सरकारी स्वास्थ्य योजना का लाभ वास्तविक और पात्र मरीजों तक पहुंचे तथा फर्जी या गलत तरीके से किए गए क्लेम पर कार्रवाई की जा सके।

आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों में मरीजों के उपचार और क्लेम से जुड़ी प्रक्रिया की निगरानी के लिए विभागीय स्तर पर जांच और सत्यापन की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Back to top button