छत्तीसगढ़

महासमुंद में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से 3 युवकों की मौत..

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-53 पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। कांपा गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर सड़क से उछलकर करीब 30 मीटर दूर जाकर पलट गया।

हादसे के वक्त ट्रैक्टर में कांपा गांव के चार युवक सवार थे, जो बिरकोनी की ओर जा रहे थे। दुर्घटना में रामेश्वर साहू (32) और सुमित कुमार रात्रे (21) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल बंजारे (24) और गोवर्धन यादव (24) गंभीर रूप से घायल हुए।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान राहुल बंजारे ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में अब तक तीन युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि गोवर्धन यादव का अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद अज्ञात ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रक और चालक की तलाश में जुटी है। आसपास लगे CCTV कैमरों और हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की जानकारी खंगाली जा रही है। एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Back to top button