बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा-कवर्धा नेशनल हाईवे-30 पर बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। कन्हेरा गांव के पास ट्रक और एंबुलेंस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की जिला अस्पताल बेमेतरा में इलाज के दौरान मौत हो गई।
कन्हेरा गांव के पास हुआ हादसा
हादसा खंडसरा पुलिस चौकी क्षेत्र में हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल बेमेतरा भेजा गया।
हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और दुर्घटना की जांच शुरू की।
शव छोड़कर रायपुर लौट रही थी एंबुलेंस
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस CG 04 PR 4622 रायपुर के एक निजी अस्पताल की बताई जा रही है। बताया गया है कि एंबुलेंस कवर्धा क्षेत्र के एक गांव में शव छोड़ने के बाद रायपुर लौट रही थी।
वहीं, ट्रक तिल्दा से चावल खाली कर कवर्धा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कन्हेरा गांव के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
एंबुलेंस से जुड़े थे दोनों मृतक
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोग एंबुलेंस से जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों की पहचान और दुर्घटना के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद खंडसरा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों वाहनों की स्थिति, दुर्घटना के कारण और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



