फरसगांव। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के फरसगांव क्षेत्र में सरपंच की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहपाल दिगानार के सरपंच मंगल सिंह मरकाम संदिग्ध हालत में मोहपाल से कारागांव जाने वाले मार्ग पर श्मशान घाट और तालाब के पास मिले। उन्हें परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रात में घर से निकले थे सरपंच
जानकारी के अनुसार, मंगल सिंह मरकाम रात के समय अपने घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मोहपाल-कारागांव मार्ग पर श्मशान घाट और तालाब के पास वह संदिग्ध अवस्था में मिले।
परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए फरसगांव अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
सरपंच की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कर घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों का पता लगाने की मांग की है।
जांच के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सरपंच की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।



