बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दहेज प्रताड़ना से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सकरी थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय विवाहिता दुर्गा निर्मलकर की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति, देवर और सास को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले महिला के साथ मारपीट की और पट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को साड़ी के सहारे फंदे से लटका दिया।
दहेज के लिए किया जा रहा था प्रताड़ित
पुलिस के अनुसार दुर्गा की शादी वर्ष 2022 में सैदा निवासी रोहित निर्मलकर से हुई थी। दंपति की दो बेटियां हैं। आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद से ही दुर्गा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था।
परिजनों का आरोप है कि पति और ससुराल वाले उससे 1 लाख 65 हजार रुपये दहेज की मांग कर रहे थे। मायके से एक लाख रुपये लाने को लेकर उस पर दबाव बनाया जाता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
26 सितंबर को हुई संदिग्ध मौत
26 सितंबर को दुर्गा की तबीयत बिगड़ने की सूचना उसके मायके वालों को दी गई। ससुराल पक्ष ने बताया कि वह बेहोश हो गई है। उसे पहले निजी अस्पताल और फिर सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मायके पक्ष ने मौत पर संदेह जताते हुए ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
पोस्टमॉर्टम में गला घोंटने की पुष्टि
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना को लेकर अपना अपराध स्वीकार किया।
जांच में सामने आया कि पहले दुर्गा के साथ मारपीट की गई और पट्टे से गला कसकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए शव को कमरे में साड़ी के सहारे फंदे से लटका दिया गया।
पति, देवर और सास गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में पति रोहित निर्मलकर (30), देवर मोहित निर्मलकर (25) और सास ठगिया निर्मलकर (60) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 80, 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



