पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से 15 मवेशियों की मौत हो गई। घटना ग्राम पंचायत सेमरदर्री के आश्रित गांव बीजाडांड की है।
जानकारी के मुताबिक, आदिवासी किसान मोहरसिंह आयम बुधवार शाम अपने मवेशियों को जंगल से चराकर घर लौट रहा था। करीब शाम 5 बजे अचानक तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए 7 गाय-बछड़े और 8 बकरा-बकरियां एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
इसी दौरान कड़कड़ाती बिजली सीधे पेड़ पर जा गिरी। बिजली की चपेट में आने से सभी 15 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। किसान कुछ दूरी पर होने के कारण सुरक्षित बच गया।
हादसे में किसान की आजीविका को बड़ा नुकसान हुआ है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर नियमानुसार जल्द मुआवजा देने की मांग की है।



