छत्तीसगढ़

सक्ती में खेत में बिछे अवैध करंट की चपेट में चरवाहे की मौत..

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम कटौद में खेत में कथित तौर पर अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के नंगे तार की चपेट में आने से 62 वर्षीय चरवाहे की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, मृतक रोहित कुमार बरेठ गांव की गौधाम सेवा समिति के तहत अपने दो सहयोगियों हेम कुमार साहू और ओम कुमार चंद्रा के साथ मवेशियों को चराने निकले थे। इसी दौरान कुछ गायें पास के खेत की ओर जाने लगीं। उन्हें रोकने के प्रयास में रोहित अनजाने में खेत में बिछाए गए नंगे बिजली के तार के संपर्क में आ गए।

तार में तेज करंट प्रवाहित होने के कारण रोहित गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही गिर पड़े। साथ मौजूद सहयोगियों ने उन्हें किसी तरह तार से अलग किया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, खेतों में फसलों की सुरक्षा के लिए कथित तौर पर इस तरह अवैध और खतरनाक तरीके से बिजली के तार बिछाए जाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Back to top button