छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’, प्रदेशभर में होंगे जनसेवा के कार्यक्रम..

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने, विकसित भारत 2047 के लिए सामूहिक संकल्प लेने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाना है। इस दौरान रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण, जल संरक्षण और डिजिटल साक्षरता सहित 25 सेवा गतिविधियों से नागरिकों को जोड़ा जाएगा।

स्कूल-कॉलेजों में होंगी प्रतियोगिताएं

17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सरकारी और निजी स्कूलों एवं कॉलेजों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें विकसित भारत 2047 और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों को जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा रक्तदान शिविर, सफाई अभियान, प्रदर्शनियां, सेमिनार और सरकारी योजनाओं को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु’ बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहायता दी जाएगी।

आंगन का उत्सव में पोषण और महिला-बाल कल्याण पर जोर

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित होगा। इसमें पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए उनका सम्मान भी किया जाएगा।

वहीं ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी, ताकि अन्य पात्र नागरिक भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित हो सकें।

रायपुर समेत पांच संभागीय मुख्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ और ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर के ऑडिटोरियम में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इनमें स्थानीय कलाकारों के माध्यम से नुक्कड़ नाटक, नृत्य नाटिका और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

अभियान के दौरान नागरिकों से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने की अपील भी की गई है। श्रमदान की फोटो या वीडियो माई भारत पोर्टल पर अपलोड करने पर डिजिटल प्रमाण-पत्र मिलने की जानकारी दी गई है।

17 अक्टूबर को होगा बड़ा समापन

अभियान का समापन 17 अक्टूबर 2026 को बड़े कार्यक्रम के साथ होगा। इस दौरान ‘जनसेवक महाकुंभ’ आयोजित करने की योजना है, जिसमें पंचायत से संसद तक करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने का प्रस्ताव है। कार्यक्रम में सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ की सभी छह कड़ियां गाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित किया गया है।

Leave a Reply

Back to top button